विभिन्न जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया निरीक्षण
सारण, 16 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने आज जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने आम जनता से सीधा संवाद कर उन
विभिन्न प्रखंडों में आयोजित जनकल्याण शिविरों का जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया निरीक्षण


विभिन्न प्रखंडों में आयोजित जनकल्याण शिविरों का जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया निरीक्षण


सारण, 16 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने आज जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने सबसे पहले नगरा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित शिविर का निरीक्षण किया। वहाँ उन्होंने आधार सेवा केंद्र की व्यवस्था भी देखी और बीडीओ को निर्देश दिया कि केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं और निर्धारित शुल्क की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए ताकि नागरिकों को असुविधा न हो। इसके बाद वे खैरा ग्राम कचहरी भवन पहुँचे जहाँ कम आवेदन मिलने पर उन्होंने मुखिया और बीडीओ को शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।

मढ़ौरा प्रखंड के पंचायत सरकार भवन गौरा में निरीक्षण के दौरान डीएम ने आवेदन पंजी जांची। वहाँ पूर्व के 31 आवेदनों का निष्पादन हो चुका था और 20 नए आवेदन मिले थे। मनरेगा भवन हथिसार में भी 25 में से 21 आवेदनों का निपटारा पाया गया। इसके बाद मढ़ौरा प्रखंड कार्यालय के मुख्य शिविर का जायजा लिया।

तरैया प्रखंड के पंचायत भवन डेवढ़ी में नल-जल योजना के अनुरक्षकों के बकाया भुगतान के मामले पर डीएम ने बीडीओ को आवश्यक प्रक्रियात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया। तरैया प्रखंड कार्यालय के शिविर में स्थानीय विधायक भी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने बताया कि 16, 17 एवं 18 जून को जिले के सभी प्रखंडों में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पात्र लाभुकों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया ताकि कोई भी जरूरतमंद वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित कई अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार