Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भागलपुर, 16 जून (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर शराब फैक्ट्री के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने रजौन से आ रही ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में ऑटो सवार 14 वर्षीय सूरज कुमार यादव की मौत हो गई। मृतक सूरज कुमार यादव बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के धनसार गांव का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि सूरज घर से कुछ सामान लेने के लिए जगदीशपुर जा रहा था। तभी रास्ते में ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सूरज को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखते ही पिता विजय यादव समेत पूरे परिवार में मातम छा गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि सूरज दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रजौन थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर