Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 16 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर के खेल स्टेडियम में अंतर जिला एकता खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन थाना चौकी चांदनी बिहारपुर के थाना प्रभारी राम प्रताप साहू एवं महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम एवं प्रशासनिक अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बिहारपुर क्षेत्र की सरपंच फूलमती सिंह के प्रतिनिधि उपसरपंच लल्लूराम पूरी, पत्रकार रमेश गुप्ता, गुलाब गुप्ता, कमलेश यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में महाविद्यालय टीम (टीम-ए) और बिहारपुर क्षेत्रीय टीम (टीम-बी) ने हिस्सा लिया।
रोमांचक मुकाबले में बिहारपुर क्षेत्रीय टीम (टीम-बी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। मुकाबले में रेफरी की जिम्मेदारी हरिशंकर डहरिया ने निभाई।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। टीम-ए के कप्तान सचिन दुबे तथा टीम-बी के कप्तान अखिलेश तिवारी सहित सभी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।
महाविद्यालय प्रभारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं से क्षेत्र में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और सद्भाव को भी मजबूती मिलती है।
थाना प्रभारी राम प्रताप साहू ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की पूरी टीम क्षेत्र में अमन, चैन और शांति बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। दर्शकों के उत्साह और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को सफल और यादगार बना दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय