Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 16 जून, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश द्वारा मंगलवार को गुवाहाटी के शहीद स्मारक क्षेत्र में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया तथा राज्य के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने किया।
भाजपा सूत्रों ने बताया है कि एक समय असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों के बीच यह भावना गहराई से व्याप्त थी कि राष्ट्रीय मुख्यधारा और केंद्र सरकार द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही है। राज्य के विभिन्न विकासात्मक अधिकारों और मांगों को पूरा कराने के लिए लोगों को लंबे समय तक आंदोलन और जनसंघर्ष का सहारा लेना पड़ता था।
बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान एक भारत, श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को साकार करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। इससे लोगों के बीच विश्वास, आत्मीयता और राष्ट्रीय एकीकरण की भावना मजबूत हुई है तथा उपेक्षा की पुरानी धारणा समाप्त हुई है।
भाजपा ने दावा किया कि इस अवधि में असम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मूर्त रूप मिला है। इनमें धुबड़ी-फुलबाड़ी सेतु, ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे सड़क एवं रेल सुरंग परियोजना, जागीरोड सेमीकंडक्टर परियोजना, लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विकास, चराइदेव मैदाम को यूनेस्को विश्व धरोहर का दर्जा तथा महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की जन्मस्थली बटद्रवा के विकास संबंधी पहलें प्रमुख हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि असम की प्रगति, समृद्धि और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का योगदान ऐतिहासिक है और राज्य की जनता इसके लिए सदैव उनकी आभारी रहेगी।
चार दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा सांस्कृतिक संरक्षण संबंधी पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश