Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 15 जून (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला स्तरीय बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार को विधायक सुदीप गुड़िया के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने की।
बैठक में 17 जून को नगर भवन में आयोजित होने वाले बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई। सम्मेलन स्थल की व्यवस्था, मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों के स्वागत, नगर सज्जा, परिवहन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद और विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि सम्मेलन में प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए बूथ स्तर पर संपर्क अभियान चलाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़ने का निर्देश दिया गया। विभिन्न कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
नेताओं ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी सक्रियता से ही पार्टी मजबूत होती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। विधायक और जिलाध्यक्ष ने इस कार्य को गंभीरता से लेने पर जोर देते हुए बीएलओ और पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सत्यापन अभियान तेज करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए और इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमृत हेमरोम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य सुशांति कोंगाड़ी, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य वीरेन कंडुलना, जिला परिषद सदस्य बिरजो कंडुलना, तोरपा प्रखंड सचिव जेम्स आइंद, कोषाध्यक्ष जयदीप टोपनो सहित तोरपा, रनिया, बानो, कर्रा, जरियागढ़ और गोविंदपुर क्षेत्र के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा