Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 15 जून (हि.स.)। बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) में एनवायरनमेंटल हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग की ओर से कर्मचारियों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फर्स्ट एडर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 जून से शुरू हुआ है और लगभग एक माह तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के लिए संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को घाव की प्राथमिक चिकित्सा, जलने की स्थिति में उपचार और बेसिक लाइफ सपोर्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में विभागीय कर्मचारियों को सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागियों को ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर में व्यावहारिक रूप से अवलोकन, सहायता और आवश्यकतानुसार प्राथमिक चिकित्सा प्रक्रियाओं का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
बीएफसीएल प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने और कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश