Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के झलवा देवघाट इलाके में शनिवार को एक फल विक्रेता को गोली मारकर मोटरसाइकिल सवार बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के झलवा देवघाट निवासी विनोद शनिवार सुबह अपनी जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण कराने पहुंचा। जहां मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसको गोली मारकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। घायल विनोद ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किया गया है और इसी विवाद को लेकर उन पर हमला कराया गया है।
कार्यकारी थाना प्रभारी विजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद का मामला सामने आ रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रथम दृष्टया जमीन विवाद एवं पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस की टीमें साक्ष्य संकलन और आरोपिताें की पहचान में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमें जांच में लगाई गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल