Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिरसा, 13 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिले के एक होटल में चल रहे देह व्यापार के गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए होटल मैनेजर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक व युवतियां पंजाब के बताए जा रहे हैं।
सिरसा के डीएसपी राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के ऑलवेज वेलकम होटल में छापेमारी कर तीन युवतियों और तीन युवकों को आपत्तिजनक हालत में काबू किय है।
डीएसपी राज सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों से तीन युवतियों और तीन युवकों को संदिग्ध एवं आपत्तिजनक परिस्थितियों में पकड़ा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल प्रबंधन द्वारा पंजाब से युवतियों को बुलाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से एक रजिस्टर भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में रजिस्टर में करीब 25 से 30 ऐसे लोगों के नाम दर्ज मिले हैं, जिनके संबंध इस गोरखधंधे से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इन नामों की गहनता से जांच कर रही है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका खंगाली जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी राज सिंह ने साफ कहा कि शहर में होटलों की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma