Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 13 जून (हि.स.)। यातायात पुलिस बलरामपुर ने विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में शनिवार को स्कूल एवं कॉलेज बसों का एक दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई भी की गई।
जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान शंकरगढ़, रामानुजगंज एवं वाड्रफनगर क्षेत्र में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग, पुलिस एवं यातायात टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
जांच के दौरान कुल 50 स्कूल एवं कॉलेज बसों की जांच की गई। इनमें रामानुजगंज में 20, शंकरगढ़ में 17 तथा वाड्रफनगर में 13 बसें शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक का अनुज्ञा पत्र, स्पीड गवर्नर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
इसके साथ ही बसों की तकनीकी स्थिति जैसे हेडलाइट, ब्रेकलाइट, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, स्टेयरिंग, टायर, वाइपर, ब्रेक, क्लच, एक्सीलेटर, सीट व्यवस्था, हॉर्न एवं रिफ्लेक्टर आदि की भी गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई करते हुए शंकरगढ़ में 05 तथा रामानुजगंज में 08 बसों सहित कुल 13 बसों पर 14,000 रुपये का चालान किया गया। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को सभी कमियों को शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस दौरान उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह से पीड़ित चालकों को नियमित दवा लेने की सलाह दी गई, जबकि कमजोर दृष्टि वाले चालकों को अनिवार्य रूप से चश्मा उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय