Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जबलपुर, 13 जून (हि.स.)। मोहर्रम पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश तिवारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि आने वाले दिन कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों में सामने आने वाले सभी मुद्दों का संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर तत्काल निराकरण कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम जुलूस के मार्गों का पैदल निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। जहां बिजली या अन्य तार कम ऊंचाई पर हों, उन्हें संबंधित विभाग के माध्यम से व्यवस्थित कराया जाए। साथ ही पूर्व में विवादित रहे स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि नगर पुलिस अधीक्षक अपने-अपने क्षेत्र के एसडीएम तथा थाना प्रभारी संबंधित तहसीलदारों के साथ संयुक्त भ्रमण करें। उन्होंने आगाह किया कि पर्व-त्योहारों के दौरान कुछ असामाजिक और शरारती तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं, इसलिए ऐसे लोगों पर लगातार नजर रखी जाए। समाज के सभी वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित कर सूचनाएं एकत्रित की जाएं, जिससे शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिले।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों के बारे में अशांति फैलाने की आशंका हो, उन्हें चिन्हित कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।
बैठक में पुलिस वाहनों में बलवा ड्रिल सामग्री, टियर गैस, टॉर्च और वीडियो कैमरा अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने तथा पीए सिस्टम को चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने कहा कि किसी भी छोटी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक