Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 13 जून (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को मालवीय नगर थाने में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। शेष प्रकरणों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर मित्तल ने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से थाना स्तर पर नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों ने आपसी विवाद, पारिवारिक मामलों, भूमि विवाद, मकानों पर कब्जे, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट तथा अन्य शिकायतें पुलिस आयुक्त के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवादियों की शिकायतों पर तुरंत प्रतिक्रिया देकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मालवीय नगर सर्किल के अंतर्गत मालवीय नगर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, खोह नागोरियान और बजाज नगर थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस आयुक्त के समक्ष रखीं और समाधान प्राप्त किया।
जनसुनवाई की विशेषता यह रही कि कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि समय लेने वाले मामलों के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व कमिश्नर सचिन मित्तल एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमू, आमेर, रामगंज एवं चित्रकूट में भी जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का समाधान कर चुके हैं।
इस अवसर पर विशेष पुलिस कमिश्नर(ऑपरेशंस) ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) आलोक सिंघल, सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) विनोद कुमार शर्मा सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश