पुलिस ने 312 मॉडिफाइड साइलेंसर व 40 प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर से कुचलकर किया नष्ट
जगदलपुर, 13 जून (हि.स.)। बस्तर पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 312 मॉडिफाइड (कानफोड़ू) साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न को आज शनिवार काे रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया। जब्त किए गए इन उपकरणों की अनुमानित क
पुलिस ने 312 मॉडिफाइड साइलेंसर व 40 प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर से कुचलकर किया नष्ट


जगदलपुर, 13 जून (हि.स.)। बस्तर पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 312 मॉडिफाइड (कानफोड़ू) साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न को आज शनिवार काे रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया। जब्त किए गए इन उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

बस्तर पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगे भी मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने वाहन मालिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों में केवल कंपनी द्वारा निर्धारित साइलेंसर और हॉर्न का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

बस्तर पुलिस ने बताया कि पिछले दो वर्षों से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और यातायात शाखा द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इन वाहनों से निकलने वाली तेज आवाज से आम लोगों को परेशानी होने के साथ स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। शनिवार को कोतवाली परिसर में पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग की मौजूदगी में जब्त किए गए साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर चलाकर नष्ट किया गया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित धोत्रे, डीएसपी यातायात संतोष जैन, यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग, बोधघाट थाना प्रभारी टामेश चौहान सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे