Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 13 जून (हि.स.)। जिले में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में शनिवार को एक उल्लेखनीय पहल देखने को मिली। मोर गाँव, मोर पानी महाअभियान के तहत जनपद पंचायत रामचंद्रपुर क्षेत्र में व्यापक जनसहभागिता के साथ एक ही दिन में 2000 नग 5 प्रतिशत मॉडल जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया। अभियान में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों और पंचायत अमले ने श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिलेभर में जल संचयन और जल संरक्षण को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आगामी मानसून के दौरान अधिकतम वर्षा जल संचयन सुनिश्चित कर भूजल स्तर को मजबूत बनाना है।
जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में जनपद सीईओ रणवीर साय के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने सामूहिक श्रमदान करते हुए जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के प्रभावी संचालन और नियमित निगरानी के लिए ग्राम पंचायतों को क्लस्टर के रूप में विभाजित कर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। वहीं जनपद स्तर पर निर्माण कार्यों की प्रविष्टि और मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे कार्यों की प्रगति पर सतत नजर रखी जा सके।
प्रशासन का मानना है कि 5 प्रतिशत जल संरचना मॉडल के माध्यम से वर्षा जल का अधिकतम संचयन संभव होगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार आएगा और ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक जल सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। यह अभियान केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से सतत विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अभियान को सफल बनाने में जनपद सीईओ रणवीर साय, कार्यक्रम अधिकारी नरेगा अभिषेक द्विवेदी, अनुविभागीय अधिकारी आरईएस पॉल खलखो, उप अभियंता अनुपम पाण्डेय, ब्लॉक समन्वयक रविन्द्र सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक बिहान मनोज गुप्ता, सहायक विकास विस्तार अधिकारी घनश्याम विश्वकर्मा, संतोष मेहता एवं नरेगा के तकनीकी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय