मुरादाबाद : जेल की प्रशासनिक व्यवस्था, बंदियों के अधिकारों से रूबरू हुए विधि छात्र
इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत किया जिला कारागार का भ्रमण मुरादाबाद, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विधि छात्रों ने शनिवार को जिला कारागार का भ्रमण किया
जिला कारागार मुरादाबाद का भ्रमण करने पहुंचे विधि छात्र-छात्राएं।


इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत किया जिला कारागार का भ्रमण

मुरादाबाद, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विधि छात्रों ने शनिवार को जिला कारागार का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान विधि छात्रों को कारागार की प्रशासनिक व्यवस्था, बंदियों के अधिकारों, न्याय तक उनकी पहुंच तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को विधि छात्रों का जिला कारागार, मुरादाबाद का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान कारागार अधिकारियों द्वारा छात्रों को कारागार परिसर का भ्रमण कराते हुए विभिन्न बैरकों, चिकित्सीय सुविधाओं, पुस्तकालय, कौशल विकास एवं पुनर्वास कार्यक्रमों के संबंध में अवगत कराया गया।

इस अवसर पर छात्रों को बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निरुद्ध बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे आर्थिक अथवा सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को न्याय प्राप्त करने में सहायता मिल सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने विधि छात्रों को विधिक सेवा संस्थाओं की कार्यप्रणाली, जेल लोक अदालतों तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की। छात्रों ने कारागार व्यवस्था एवं विधिक सहायता तंत्र के व्यावहारिक पक्ष को निकट से समझते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विधि छात्रों को न्यायिक एवं सुधारात्मक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उन्हें विधिक सेवा तंत्र के व्यावहारिक स्वरूप की जानकारी प्रदान करना रहा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल