Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 13 जून (हि.स.)। राजधानी शिमला के पास शोघी में शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि पेड़ लगाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर ही हरित क्रांति के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
नड्डा ने तारा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह वन विहार ग्राम पंचायत शोघी में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ 10 पौधे लगाए गए। नड्डा ने स्वयं चिनार का पौधा रोपित किया।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उनके अनुसार पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लोग पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन को लेकर देशभर में व्यापक जनजागरण हुआ है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। पौधारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमाचल के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा