Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 13 जून (हि.स.)। पूरे देश में 10 जून से लागू एनजीटी के प्रतिबंध के बाद धनबाद का खनन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार की सुबह महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया, जहां दो बालू लदे ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
एनजीटी के प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए धनबाद खनन विभाग की टीम शनिवार की सुबह निरीक्षण पर निकली। माइनिंग इंस्पेक्टर श्यामानंद सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में टीम महुदा थाना क्षेत्र के तेलमच्चो घाट पहुंची। तेलमच्चो ब्रिज के पास टीम ने अवैध बालू परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को रोका।
दोनों ट्रैक्टरों पर करीब 100-100 सीएफटी बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात और परमिट की मांग की गई, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद खनन विभाग ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर महुदा थाना के सुपुर्द कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एनजीटी प्रतिबंध अवधि के दौरान अवैध बालू उठाव, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा