Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 13 जून (हि.स.)। उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने शनिवार को अड़की प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना और बाबा साहेब अंबेडकर आवास योजना की प्रगति का जायजा लेते हुए लाभुकों को समय पर किस्त भुगतान एवं जियो टैगिंग कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना और बिरसा कूप संवर्धन योजना की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर बल दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति, नियमित निरीक्षण और विद्यार्थियों के आधार और अपार आईडी निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
समाज कल्याण विभाग को एक माह के भीतर रिक्त सेविका-सहायिका पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आपूर्ति विभाग को राशन वितरण, नए राशन कार्ड निर्माण और खाद्यान्न गोदामों की मरम्मत कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में पेयजल, विद्युत, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जेएसएलपीएस, स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के सुचारू संचालन, अविद्युतीकृत टोलों में बिजली पहुंचाने तथा सभी पात्र लाभुकों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अड़की का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, डिस्पेंसरी और कोल्ड स्टोरेज का जायजा लिया। प्रयोगशाला में टेक्नीशियन के अनुपस्थित मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, हुंठ का निरीक्षण कर चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक और निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा