Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 13 जून (हि.स.)। धनबाद दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ-साथ उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयानों को लेकर जमकर निशाना साधा। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के 12 बेमिसाल वर्ष पूरे किए हैं, लेकिन विपक्ष को यह उपलब्धियां दिखाई नहीं देतीं।
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनका नाम यूं ही नहीं पड़ा है। उन्हें इतना भी नहीं पता कि कब, कहां और क्या बोलना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की शिकायतें विदेश की धरती पर नहीं की जातीं। अगर उन्हें समझ होती तो एआई समिट के दौरान कांग्रेसियों से नग्नधड़ंग प्रदर्शन नहीं करवाते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का चश्मा अलग है, इसलिए आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है, लेकिन उन्हें यह दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर ज्यादा चर्चा करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश की जनता उन्हें अच्छी तरह समझ चुकी है।
इस दौरान अन्नपूर्णा देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल एक नारा नहीं बल्कि देश की जनता के विश्वास, विकास और उपलब्धियों का प्रमाण है।
इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को जल से धोकर माल्यार्पण भी किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा