Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 13 जून (हि.स.)। राजधानी रांची में अपराधियों ने एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखे गहने और नकदी चोरी कर ली। यह घटना शहर के व्यस्त मेन रोड क्षेत्र में स्थित भारत बेकरी के समीप हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी रोहित गुप्ता अपनी शादी की सालगिरह के अवसर पर परिवार के साथ रांची आए थे। शुक्रवार देर रात वह मेन रोड स्थित भारत बेकरी से केक खरीदने के लिए पहुंचे। उन्होंने अपनी कार को लॉक कर बेकरी के बाहर खड़ा किया और केक लेने के लिए दुकान के अंदर चले गए।
रोहित गुप्ता ने बताया कि जब वह केक लेकर वापस लौटे तो देखा कि उनकी कार के दाहिनी ओर पीछे का शीशा टूटा हुआ है। कार के अंदर सीट पर रखा उनकी पत्नी का हैंडबैग भी गायब था। घटना देखकर वह हैरान रह गए और तत्काल आसपास लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया।
पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए हैंडबैग में उनकी पत्नी के सोने के कुछ गहने और करीब पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे। गहनों में सोने के झुमके सहित अन्य कीमती सामान शामिल था। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सबसे पहले उन्होंने बेकरी संचालक से सहायता मांगी, लेकिन देर रात होने का हवाला देकर दुकान बंद कर दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि तत्काल अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद रोहित गुप्ता ने लोअर बाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया प्रतीत होता है। आशंका है कि अपराधी वाहन पर नजर रखे हुए थे और मौके का फायदा उठाकर शीशा तोड़कर बैग लेकर फरार हो गए।
मामले की जांच कर रहे नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) के. वी. रमण ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे