Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


रांची, 13 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के हटिया क्षेत्र स्थित रामकृष्ण मिशन टीबी सैनिटोरियम और अस्पताल में मरीजों को जल्द ही आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकरण एवं इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अस्पताल के सचिव स्वामी सत्संगानंद महाराज ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
स्वामी सत्संगानंद महाराज ने कहा कि अस्पताल का मुख्य उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों और जरूरतमंद लोगों को न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत वर्षों पुराने टीबी सैनिटोरियम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले यहां मुख्य रूप से टीबी रोगियों का इलाज होता था, लेकिन अब अस्पताल में सामान्य और अन्य गंभीर बीमारियों का भी उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में 200 बेड वाले अस्पताल में 150 बेड टीबी मरीजों और 50 बेड सामान्य मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। ओपीडी, जांच और उपचार की सुविधाएं भी संचालित हैं।
मरीज आधार कार्ड के साथ मात्र 100 रुपये के पंजीकरण शुल्क पर चिकित्सा परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। अस्पताल में एक्स-रे, रक्त जांच सहित विभिन्न जांचें भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
महाराज ने बताया कि अस्पताल में जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत रोग, शिशु रोग, छाती और पेट रोग विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा आयुर्वेद, पंचकर्म, फिजियोथेरेपी, होम्योपैथी और नेत्र जांच एवं ऑपरेशन की सुविधाएं भी संचालित हैं। उन्होंने कहा कि आईसीयू सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को बेहतर और समग्र चिकित्सा सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar