वित मंत्री ने उपायुक्त को जिले में अवैध खनन रोकने का दिया निर्देश
पलामू, 13 जून (हि.स.)। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अवैध खनन को लेकर लगातार गंभीरता दिखा रहे हैं। दो दिन पहले छतरपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ पर देर रात रेड मारने के बाद अब शनिवार को जिले के उपायुक्त को पत्र लिखकर हरिहरगंज, पिपरा, हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज
मंत्री राधाकृष्ण किशोर


पलामू, 13 जून (हि.स.)। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अवैध खनन को लेकर लगातार गंभीरता दिखा रहे हैं। दो दिन पहले छतरपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ पर देर रात रेड मारने के बाद अब शनिवार को जिले के उपायुक्त को पत्र लिखकर हरिहरगंज, पिपरा, हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज और हैदरनगर में अवैध खनन रोकने का निर्देश दिया है। यह भी कहा है कि जिला स्तर पर गठित खनन टास्क फोर्स को जगायें, ताकि हर बार मंत्री को कार्रवाई के लिए न आना पड़े।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गुप्त सूचना के आधार पर छतरपुर के देवगन इलाके में छापामारी कर बड़े पैमाने पर अवैध खनन का भंडाफोड़ किया था। मौके से खनन कार्य में लगे कई वाहन जब्त किए गए थे।

मंत्री ने पत्र में कहा है कि पलामू जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मिट्टी मोरम का बड़े पैमाने पर अवैध खनन कर पड़ोसी राज्यों को भेजा जा रहा है। मोरम के अवैध उत्खनन के कारण झारखंड को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। जिले में अवैध गतिविधियों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों को बढावा मिल रहा है। दो दिन पूर्व ही छतरपुर के देवगन-रेगनिया गांव के समीप मोरम का अवैध उत्खनन में संलिप्त पोकलेन और हाइवा वाहन पकड़ा गया था।

मंत्री ने कहा कि उनकी सूचना के अनुसार मोरम के अवैध उत्खनन का काम माफियाओं के द्वारा हरिहरगंज, पिपरा, हुसैनाबाद, मोहम्मदगंज, हैदरनगर सहित अन्य प्रखंडों में बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। हुसैनाबाद के सोहया पहाड़, कचनपुर में भी बड़े पैमाने पर अंतरराज्यीय माफिया अवैध उत्खनन कर रहे हैं। अवैध उत्खनन के कारण जहां हमारे पर्यावरण का गंभीर विनाश हो रहा है, वहीं राज्य सरकार के राजस्व को भी चूना लगाया जा रहा है।

अवैध उत्खनन के कारण क्षेत्र में अपराध और भ्रष्टाचार की जड़ें मजबूत हो रही हैं और काले धन को बढावा मिल रहा है। उन्होंने जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स को बेहत गतिशीलता के साथ क्रियान्वित करने पर बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार