Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 13 जून (हि.स.)। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत संचालित शहरी पेयजलापूर्ति परियोजना फेज-02 के निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एजेंसियों और पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त सर्वप्रथम कोयल नदी में निर्माणाधीन इंटकवेल स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस गति से कार्य होना चाहिए, उस स्तर पर कार्य नहीं हो रहा है। आगामी दिनों में मानसून शुरू होने के बाद कार्य करने में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है।
ऐसी स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान डीसी ने कोयल रिवर व्यू प्वाइंट के क्षतिग्रस्त हुई रेलिंग, सीसीटीवी कैमरे, डस्टबिन आदि की भी जानकारी ली। उपायुक्त ने रेड़मा स्थित निर्माणाधीन पानी टंकी का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की जानकारी ली। वहीं बाइपास रोड स्थित हाउसिंग कॉलोनी परिसर में निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और जलमीनार निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित एजेंसी और जुडको के प्रतिनिधियों को योजना का नियमित मॉनिटरिंग करने एवं प्रत्येक चरण की समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सितंबर 2026 तक इस योजना को पूर्ण करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जुडको के प्रतिनिधि और कार्य एजेंसी के कर्मी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार