Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 13 जून (हि.स.)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में शनिवार को डोड़मा आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
जिला स्वास्थ्य विभाग और तोरपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रवीण कुमार के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्घाटन रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आनंद किशोर उरांव और समाजसेवी प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ उरांव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में आयोजित यह शिविर समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिले में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्तदान से तीन लोगों को नया जीवन मिल सकता है।
शिविर में नितेश मांझी, दीपक कुमार पांडे, अविनाश कुमार ने कौर, सौरभ कुमार दुबे, अनिल महतो, प्रशांत कुमार कौर, उत्तम कुमार पांडे, अभिषेक कुमार और प्रवीण कुमार सहित कुल 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर के सफल संचालन में रक्त केंद्र के सुशांत कुमार, पूनम भेंगरा एवं काउंसलर निशांत झा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा