Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रोगियों को मिलेंगी 25 प्रकार की सटीक जांच सुविधाएं
जोधपुर, 13 जून (हि.स.)। सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य)गोविंद सहाय शुक्ल की उपस्थिति में संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय स्थित स्नातकोत्तर रोग एवं विकृति विज्ञान विभागंतरगत संचालित केंद्रीय प्रयोगशाला में अत्याधुनिक मिस्पा आई-3 मशीन का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर कुलगुरु ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में आधुनिक तकनीकों का समावेश रोगियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय में स्थापित यह अत्याधुनिक मशीन प्रयोगशाला की जांच क्षमता को सुदृढ़ करेगी तथा रोगियों को आवश्यक जांचें शीघ्र, सटीक एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध करा सकेगी। इससे रोगों के निदान और उपचार की प्रक्रिया अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय बनेगी।
रोग निदान एवं विकृति विज्ञान विभागाध्यक्ष तथा छात्र कल्याण मंडल के अध्यक्ष प्रोफेसर गोविंद प्रसाद गुप्ता ने बताया कि यहअत्याधुनिक मशीन प्रयोगशाला में 25 प्रकार की विभिन्न जांचों का संपादन करने में सक्षम है। इसके माध्यम से रोगियों की आवश्यक जांचें अधिक सटीकता एवं सुगमता के साथ उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे रोगों की पहचान एवं उपचार में सहायता मिलेगी।
समारोह में संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. ए. नीलिमा रेड्डी, उपाधीक्षक प्रो. ब्रह्मानंद शर्मा, डॉ. अरुण दाधीच, डॉ. मनोज कुमार अदलखा, डॉ. नीरज, डॉ. प्रेम कुमार, डॉ. जोगेन्द्र प्रजापत, डॉ. ऋचा कुमारी सहित विभाग के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश