Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रतापगढ़, 13 जून (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में
मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की भावना तथा आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को लेकर संवाद स्थापित किया गया।
कार्यक्रम समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। पत्रकार वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। समाज के प्रत्येक वर्ग का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में प्रदान की जा रही है। जनपद में किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छह लाख 50 हजार 524 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए हैं। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध हो रही है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है। पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत जनपद में 40 हजार 816 गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है। प्रदेश में सर्वाधिक एक्सप्रेसवे निर्मित किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए वर्तमान में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ प्रदेश एवं देश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी