Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-ओम शांति रिट्रीट सेंटर में बोले पूर्व राजनयिक डॉ. दीपक वोहरा
गुरुग्राम, 13 जून (हि.स.)। भारतीय विदेश सेवा के पूर्व राजनयिक डॉ. दीपक वोहरा शनिवार को गुरुग्राम के भोरा कलां स्थित ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर पहुंचे। संस्थान के दौरे के दौरान उन्होंने भारत की सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रभक्ति और वैश्विक मंच पर देश की कूटनीतिक प्रगति को लेकर अपने विचार सांझा किए। कार्यक्रम के दौरान देश के प्रति उनकी गहरी भावनाएं और राष्ट्रप्रेम साफ झलक रहा था।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. दीपक वोहरा ने राष्ट्रभक्ति की एक नई परिभाषा सामने रखी। उन्होंने कहा कि हम भारतवासी सिर्फ इसलिए नहीं हैं कि हम भारत की भौगोलिक सीमाओं के भीतर रहते हैं। हमारी असल पहचान यह है कि भारत हमारे दिल में बसता है। जिस तरह एक मां की कई संतानें हो सकती हैं। ठीक उसी तरह हम करोड़ों संतानों की एक ही मां है और वह है हमारा हिंदुस्तान।
वैश्विक पटल पर भारत की मौजूदा स्थिति की सराहना करते हुए पूर्व राजनयिक ने कहा कि आज भारत की विदेश नीति और कूटनीति इतिहास के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रही है। भारत दुनिया के बड़े फैसलों में एक निर्णायक भूमिका निभा रहा है। महान रणनीतिकार आचार्य चाणक्य को याद करते हुए डॉ. वोहरा ने कहा कि आचार्य चाणक्य ने सदियों पहले एक अखंड, समर्थ और विश्व गुरु भारत का जो स्वप्न देखा था, आज का भारत उसी स्वप्न को हकीकत में साकार कर रहा है। हमारी कूटनीतिक ताकत और वैश्विक नीतियां चाणक्य नीति की आधुनिक झलक हैं।
संस्थान परिसर का अवलोकन करने के बाद डॉ. वोहरा ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा समाज में सकारात्मकता, शांति और मानवीय मूल्यों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र न केवल मानसिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि नागरिकों में नैतिक और राष्ट्रीय चेतना को भी जगाते हैं। इस अवसर पर ओम शांति रिट्रीट सेंटर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने डॉ. दीपक वोहरा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें ईश्वरीय सौगात तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर