Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कांकेर, 13 जून (हि.स.)। जिले के पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और व्यक्तित्व विकास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने आज शनिवार काे एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन तथा आत्म-सशक्तिकरण के गुर सिखाए। कार्यक्रम को पुलिस बल के मानसिक और आध्यात्मिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे कर्मियों की कार्यक्षमता, आत्मविश्वास और सेवा भावना को नई मजबूती मिलेगी।
यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी संस्था के सुरक्षा सेवा प्रभाग द्वारा संचालित राज्यव्यापी अभियान आत्म-सशक्तिकरण से राष्ट्र सशक्तिकरण तक के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों और शासकीय सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को मानसिक रूप से सशक्त, सकारात्मक और संतुलित बनाना है। कार्यक्रम में राजयोग मेडिटेशन, सकारात्मक चिंतन, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास निर्माण, व्यक्तित्व विकास तथा तनावपूर्ण परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में मानसिक संतुलन बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय भी बताए।
इस अवसर पर एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक सोच भी उतनी ही जरूरी है। मानसिक रूप से मजबूत पुलिसकर्मी समाज को बेहतर सुरक्षा और संवेदनशील सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कांकेर पुलिस अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, योग एवं ध्यान सत्र, खेलकूद प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और विभिन्न जागरूकता अभियानों का आयोजन करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे