Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सारण, 13 जून (हि.स.)। छपरा नगर निगम क्षेत्र के विकास को लेकर आयोजित नगर निगम की साधारण बोर्ड की बैठक भारी हंगामे के कारण बीच में ही स्थगित कर दी गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में उपमहापौर रागिनी कुमारी, विधायक प्रतिनिधि, विभिन्न वार्डों के पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
नगर निगम महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बताया है कि बैठक की शुरुआत सकारात्मक रही, जैसे ही बजट और शहर में हाई मास्क लाइट के विद्युत भार के व्यय पर चर्चा शुरू हुई, तब सदन का माहौल अचानक गर्मा गया। चर्चा के दौरान दो पार्षद अचानक उत्तेजित हो गए और सदन में हो-हल्ला मचाने लगे। महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता द्वारा बार-बार शांत रहने और मर्यादा बनाए रखने के आग्रह के बावजूद, वे लगातार सदन की कार्रवाई को बाधित करते रहे और असंसदीय भाषा का प्रयोग करने लगे।
सदन की गरिमा को ठेस पहुँचता देख और कार्रवाई को सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से महापौर ने विधि सम्मत कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक उपद्रवी पार्षद को सदन की कार्रवाई से निष्कासित कर दिया। इस निष्कासन से नाराज होकर दो-तीन अन्य पार्षद भी उनके सहयोग में आ गए और सदन के भीतर जमकर नारेबाजी व हंगामा शुरू कर दिया।
विपक्षी पार्षदों के इस अड़ियल रवैये के कारण मानसून के मुहाने पर खड़े शहर के विकास कार्यों पर ग्रहण लग गया है। इस गतिरोध की वजह से आगामी मानसून के मौसम में जल-जमाव से मुक्ति, साफ-सफाई की व्यवस्था और अन्य सभी महत्वपूर्ण विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी। विकास विरोधी तत्वों द्वारा पैदा किए गए इस भारी व्यवधान को देखते हुए माननीय महापौर ने सदन की कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने की घोषणा कर दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार