बलरामपुर : सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी आमजन की समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद माध्यम
बलरामपुर, 13 जून (हि.स.)। एक बार फिर सीएम हेल्पलाइन 1076 की प्रभावशीलता शनिवार को सामने आई, जब जन्म प्रमाण पत्र के लिए लंबे समय से परेशान एक ग्रामीण की समस्या का समाधान प्रशासन की सक्रिय पहल से संभव हो सका। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शिकायतों के
लाभार्थी


बलरामपुर, 13 जून (हि.स.)। एक बार फिर सीएम हेल्पलाइन 1076 की प्रभावशीलता शनिवार को सामने आई, जब जन्म प्रमाण पत्र के लिए लंबे समय से परेशान एक ग्रामीण की समस्या का समाधान प्रशासन की सक्रिय पहल से संभव हो सका। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

विकासखंड बलरामपुर के ग्राम खजुरी निवासी राम सौरथ ने अपने बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं होने संबंधी शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बच्चे का जन्म 11 जून 2025 को हुआ था और जन्म के बाद आवश्यक दस्तावेज संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में जमा कर दिए गए थे। इसके बावजूद कई माह बीत जाने के बाद भी जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाया था, जिससे उन्हें विभिन्न आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय स्तर पर मामले की जांच और परीक्षण कर जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की गई तथा शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया गया।

समस्या के समाधान के बाद राम सौरथ ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी जल्दी हो जाएगा। उन्होंने शासन, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग का आभार जताते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद मंच साबित हो रही है।

प्रशासन का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन की जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जो नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे आमजन का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

कैसे दर्ज करें सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत

सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से कोई भी नागरिक शासकीय योजनाओं, सेवाओं अथवा किसी भी विभाग से जुड़ी समस्या की शिकायत 24 घंटे, सातों दिन दर्ज करा सकता है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल करना होता है।

शिकायत दर्ज करते समय आवेदक को अपनी समस्या का संक्षिप्त विवरण और आवश्यक जानकारी देनी होती है। शिकायत दर्ज होने के बाद एक पंजीयन क्रमांक प्रदान किया जाता है, जिसके माध्यम से शिकायत की स्थिति और प्रगति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

शिकायत संबंधित विभाग को भेजी जाती है, जहां उसका परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण की कार्रवाई की जाती है। यही वजह है कि सीएम हेल्पलाइन आज आमजन की समस्याओं के समाधान का एक सशक्त और भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय