Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चित्तौड़गढ़, 13 जून (हि.स.)। जिले के निंबाहेड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत बाड़ी स्थित मानसरोवर बांध पर विराजित नवग्रह श्री शनिदेव महाराज मंदिर में शनिवार को विशाल भजन संध्या श्रद्धा और भक्ति का संगम बन गई। एक दिवसीय धार्मिक आयोजन में क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
जिले के बाड़ी स्थित शनि मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां हुए कार्यक्रम के आरंभ में मंदिर समिति अध्यक्ष भंवरलाल सुथार, बंशीलाल कुमावत, अशोक सेन और आयोजक पूर्व उपसरपंच दिनेश धाकड़ ने पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, जिला फुटबॉल संघ कोषाध्यक्ष मनोज पारख का उपरना ओढ़ा कर स्वागत किया। पूर्व मंत्री आंजना ने शनिदेव के दर्शन कर प्रदेश व क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम वर्षा, किसानों की उन्नति तथा जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आपसी भाईचारा और संस्कारों को मजबूती मिलती है। इधर, भजन संध्या में भजन गायिका यशोदा कुमावत बाड़ी, प्रसिद्ध भजन गायक नागराज एवं बाल भजन गायिका श्याम दीवानी काव्या ने मधुर प्रस्तुतियां दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूम उठे। पूरा मंदिर परिसर जय श्री शनिदेव महाराज के जयघोषों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव को तेल, पुष्प व नैवेद्य अर्पित कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति की मंगल कामना की। मंदिर परिसर के आध्यात्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को विशेष अनुभूति दी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बाड़ी के प्रशासक गोपाल रेगर, उपसरपंच कैलाश आंजना, डला उर्फ किशनपुरा प्रशासक बाबूलाल धाकड़, गाडोला प्रशासक प्रतिनिधि देवीलाल मीणा, विकास धाकड़, संतोष पुरिया, ललित नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। अंत में शनिदेव महाराज की महाआरती के साथ कार्यक्रम समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल