Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में भारत ने रचा नया इतिहास
गुवाहाटी, 13 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम प्रदेश के प्रवक्ता मानस सरनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने सड़क, रेल और विमानन क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को अपनाते हुए विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।
अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा वर्ष 2000 में शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नई गति मिली है। सरनिया ने कहा कि देश में अब तक लगभग आठ लाख किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण हुआ है, जिनमें से करीब चार लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 12 वर्षों में बनाई गई हैं। वर्ष 2014 में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 91,287 किलोमीटर थी, जो बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गई है। वर्तमान में देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर से अधिक राजमार्गों का निर्माण हो रहा है।
रेलवे क्षेत्र में भी व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। देश के 99.6 प्रतिशत ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण किया जा चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,337 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। वहीं, 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन देशभर में आधुनिक और सुरक्षित रेल यात्रा को बढ़ावा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश के केवल पांच शहरों में 248 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क था, जो आज 26 से अधिक शहरों में 1,095 किलोमीटर से अधिक तक फैल चुका है। विमानन क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। स्वतंत्रता के बाद 67 वर्षों में देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में 90 से अधिक नए हवाई अड्डों का विकास हुआ है। वर्तमान में देश में 164 से अधिक हवाई अड्डे संचालित हैं। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन चुका है। उड़ान योजना के माध्यम से आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ और किफायती बनाया गया है।
असम के संदर्भ में सरनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को अष्टलक्ष्मी का दर्जा देते हुए सड़क, रेल और हवाई संपर्क को विशेष प्राथमिकता दी है। ब्रह्मपुत्र नद के नीचे 15.79 किलोमीटर लंबी सड़क और रेल सुरंग परियोजना, 22,060 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा शिलांग-सिलचर कॉरिडोर तथा काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर जैसे महत्वाकांक्षी परियोजनाएं राज्य के विकास को नई दिशा दे रही हैं। साथ ही, गुवाहाटी स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नया टर्मिनल पूर्वोत्तर भारत को एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल शासन का कालखंड नहीं, बल्कि विश्वास, विरासत और समग्र विकास की एक ऐतिहासिक यात्रा के रूप में याद किए जाएंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश