Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 13 जून (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, क्योंकि मृतक की शादी रविवार को होने वाली थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हल्दीपोखर आजाद बस्ती निवासी 28 वर्षीय अजहर अंसारी के रूप में हुई है। बीते 7 जून को जादूगोड़ा के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने टेंपो को टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो चालक और उसमें सवार अजहर अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पहले एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में रेफर कर दिया। वहां कई दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन शुक्रवार देर रात अजहर अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल टेंपो चालक का इलाज अभी भी जारी है।
परिजनों के अनुसार, अजहर अंसारी फेरी का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियां उसके कंधों पर थीं। घटना वाले दिन भी वह काम के सिलसिले में जादूगोड़ा जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
अजहर की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। रविवार को उसकी शादी तय थी। घर में विवाह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो गया था और परिवार में उत्सव का माहौल था। लेकिन एक सड़क हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रिश्तेदार, पड़ोसी और स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उनका हौसला बढ़ाने का प्रयास किया।
मृतक के परिजनों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पिकअप वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक