Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 11 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने झारखंड राज्य सूचना आयोग के नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को बधाई देते हुए उनसे लंबित शिकायतवाद और द्वितीय अपीलवाद के समयबद्ध निष्पादन की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया है।
नायक ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ऐतिहासिक देन है, जिसने आम नागरिकों को शासन-प्रशासन से जवाब मांगने का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि यह कानून लोकतंत्र को मजबूत करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में बड़ी संख्या में शिकायतवाद और द्वितीय अपील के मामले वर्षों से लंबित हैं, जिससे लोगों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में आयोग को विशेष अभियान चलाकर लंबित मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता देनी चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता ने सुझाव दिया कि आवश्यकता पड़ने पर विशेष सुनवाई शिविर या विशेष सूचना अदालत आयोजित कर पुराने मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों, किसानों, मजदूरों, दलितों, आदिवासियों और वंचित वर्गों के लिए आरटीआई एक महत्वपूर्ण अधिकार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar