Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 06 मई (हि.स.)। हरियाणा पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब पुलिस भर्ती के फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) में उम्मीदवारों की दौड़ केवल स्टॉपवॉच से नहीं, बल्कि आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) आधारित हाईटेक सेंसर सिस्टम से मॉनिटर की जाएगी।
पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में 15 अप्रैल से पीएमटी प्रक्रिया जारी है। अब तक हजारों उम्मीदवार टेस्ट दे चुके हैं और आगामी दिनों में यह संख्या 30 हजार के पार पहुंचने की संभावना है। पीएमटी में सफल उम्मीदवारों को पीएसटी के लिए बुलाया जाएगा। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का दावा है कि इससे समय मापन में मानवीय हस्तक्षेप लगभग खत्म हो जाएगा और हर अभ्यर्थी का प्रदर्शन डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज होगा। नई व्यवस्था के तहत पीएसटी में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के पैरों में विशेष आरएफआईडी चिप या सेंसर डिवाइस लगाई जाएगी। जैसे ही उम्मीदवार ट्रैक पर दौड़ शुरू करेगा, उसका समय स्वत: रिकॉर्ड होना शुरू हो जाएगा। फिनिश लाइन पार करते ही पूरा डेटा सिस्टम में सेव हो जाएगा। पुरुष अभ्यर्थियों को 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला उम्मीदवारों को 6 मिनट में 1 किलोमीटर का लक्ष्य पूरा करना होगा। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को ट्रैक के पास लगी डिजिटल स्क्रीन पर अपना लाइव टाइम भी दिखाई देगा।
भर्ती के लिए पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम को हाईटेक टेस्टिंग सेंटर में बदला जा रहा है। स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरों लगाए जा रहे हैं ताकि पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग हो सके। अधिकारियों के मुताबिक मई के मध्य तक तकनीकी इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो जाएगा और उसके बाद पीएसटी का विस्तृत शेड्यूल जारी किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट का पहला बैच 20 मई के आसपास शुरू हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा