Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिलासपुर, 06 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर की बोरी फैक्ट्री में बुधवार को फैक्ट्री में काम करने के दौरान एक मजदूर 25 फीट की ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मजदूर के परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मुआवजे की मांग की है। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। यह घटना सीपत थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लक्ष्मी प्रसाद धीवर के रूप में हुई है, जो कि जांजी गांव का रहने वाला था और पंधी स्थित बोरी फैक्ट्री में काम करता था। आज वह फैक्ट्री में 25 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जाल और करकट साफ कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वो 25 फीट से नीचे गिर गया। घटना के बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए हेलमेट और बेल्ट की कमी पर सवाल उठाए हैं। इसी के साथ ही उन्होंने मुआवजे और कार्रवाई की भी मांग की है। इधर सूचना मिलते ही सीपत थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल