Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बीजापुर , 06 मई (हि.स.)। जिले के प्राथमिक शाला पालनार में पदस्त शिक्षक राजू पुजारी की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर आज बुधवार को व्यापक प्रदर्शन हुआ। तेलंगा समाज के नेतृत्व में आयोजित इस रैली को सर्व आदिवासी समाज, महार, महारा और कलार समाज का समर्थन मिला। प्रदर्शन में करीब हजाराे ग्रामीण शामिल हुए।
मिनी स्टेडियम से प्रारंभ हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की गई और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजू पुजारी की मौत के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली संदिग्ध है। उनका कहना है कि जब्त सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम सामने आने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने मामले की न्यायिक जांच कराने, जिला पुलिस अधीक्षक की सीधी निगरानी में जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की । साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में आरोपिताें की गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे