Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी, 06 मई (हि.स.)। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र वाराणसी शहर उत्तरी में सांसद निधि, पूर्वांचल निधि व अवस्थापना निधि से लगभग 42.6 लाख की लागत से स्वीकृत 05 सड़कों के नवनिर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस मौके पर मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनसामान्य की बुनियादी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्य मार्गों के साथ-साथ आंतरिक मार्गों का भी मरम्मत एवं नवनिर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर से बेहतर सुविधा मिल सके।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने वीडीए अवस्थापना निधि अंतर्गत 26.96 लाख की लागत से बने वार्ड हुकुलगंज अंतर्गत स्थित मकबूल अलम रोड से निकल कर गोपीगंज कालोनी वेलफेयर सोसायटी को जाने वाली असुरक्षित सड़क वाले भाग पर बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य, सांसद निधि अंतर्गत 1.06 लाख की लागत से सिकरौल में उगमा नाथ के मकान से एस ऍफ़ 19/2 भीम नगर से लेकर मनोज कुमार के मकान एस.एच. 19/10 तक 45 मी.लंबाई के चौका रेसेटिंग का कार्य, पूर्वांचल निधि अंतर्गत 3.00 लाख की लागत से बने हुकुलगंज वार्ड अजय अनु मोर्चा के महानगर उपाध्याय भोला नाथ सोनकर के आवास तक कच्चे रास्ते पर इंटरलाकिंग का कार्य, सांसद निधि अंतर्गत 2.04 लाख की लागत से बने वार्ड अलईपुरा में सीवर व 53 मी. इंटरलाकिंग का कार्य तथा त्वरित निधि अंतर्गत 9.54 लाख की लागत से बने काजीसादुल्लापुरा वार्ड में संजय नगर कालोनी में इंटरलाकिंग के कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रबुद्धजन, क्षेत्रीय भाजपा पार्षद, मंडल पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी