मीरजापुर में बोलेरो हादसे के पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद, घर-घर पहुंचा प्रशासन
मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज घाटी में 22 अप्रैल को हुए दर्दनाक बोलेरो हादसे के पीड़ित परिवारों को बुधवार की शाम राहत पहुंची। छानबे क्षेत्र के नरैना गांव में सदर विधायक रत्नाकर मिश्र और छानबे विधायक रिंकी कोल
बोलेरो हादसे में पत्नी बेटा बेटी खो देने वाले प्रदीप सिंह को छ: लाख का डेमो चेक प्रदान करते विधायक रत्नाकर मिश्र व अन्य।


मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज घाटी में 22 अप्रैल को हुए दर्दनाक बोलेरो हादसे के पीड़ित परिवारों को बुधवार की शाम राहत पहुंची। छानबे क्षेत्र के नरैना गांव में सदर विधायक रत्नाकर मिश्र और छानबे विधायक रिंकी कोल ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि के डेमो चेक सौंपे।

एसडीएम सदर गुलाब चंद ने बताया कि मध्यप्रदेश निवासी मां-बेटे के वारिसों के खातों में दो-दो लाख रुपये की धनराशि पहले ही ट्रांसफर की जा चुकी है। वहीं नरैना गांव निवासी प्रदीप सिंह, जिन्होंने हादसे में पत्नी, बेटा और बेटी को खो दिया, उन्हें छह लाख रुपये की सहायता दी गई। अरुण सिंह को चार लाख और मृतक पंकज सिंह की पत्नी सोनिका को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा रामपुर हंसवार गांव निवासी मृत बोलेरो चालक विष्णु सिंह के परिजनों को भी 66 हजार 600 रुपये की सहायता दी गई।

प्रशासन ने बताया कि मृतकों के नाबालिग बच्चों को बालिग होने तक मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके लिए राजस्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष लालबहादुर सरोज, अपना दल जिलाध्यक्ष रामलौटन बिंद समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा