Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अनूपपुर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बुधवार को कलेक्टर हर्षल पंचोली ने आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण के सर्वे कार्य का नवाटोला और बेलिया बड़ी गांवों में घर-घर जाकर चल रहे मकान सूचीकरण और गणना कार्य का निरीक्षण किया। जहां एक शिक्षक द्वारा सर्वे में लापरवाही पाए जाने पर एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बुधवार को जनगणना 2027 के पहले चरण के सर्वे कार्य का जिले के जनपद पंचायत अनूपपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवाटोला और बेलिया बड़ी गांवों में घर-घर जाकर चल रहे मकान सूचीकरण और गणना कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए जानकारी प्राप्त की और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सटीक आंकड़ों का संकलन अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान बेलिया बड़ी में एक प्राथमिक शिक्षक द्वारा सर्वे में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की गई। शिक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। बताया गया कि सर्वे में मकानों की संख्या कम दर्ज की गई थी।
कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ निर्देश दिए कि हर मकान का सही और पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एसडीएम सतीश वर्मा और तहसीलदार दशरथ सिंह को 20 मई तक सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 मई तक चलने वाले कार्य को समय से पहले पूरा कर लिया जाए ताकि दोबारा जांच और सुधार किया जा सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सर्वे कार्य की लगातार निगरानी की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला