सतना : बगदरा घाटी में बारातियों से भरी बस पलटी, 23 घायल; तीन की हालत गंभीर
सतना, 06 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत बगदरा घाटी में बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार करीब 23 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा
फोटो बारातियों और पुलिस


सतना, 06 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत बगदरा घाटी में बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार करीब 23 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस उत्तर प्रदेश के रहपुरा से बारात लेकर रीवा गई थी। बुधवार शाम करीब 5 बजे जब बस बारातियों को लेकर वापस लौट रही थी और बगदरा घाटी से गुजर रही थी, तभी अचानक यह हादसा हो गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस की कमानी टूटने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मझगवां और चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए जानकीकुंड अस्पताल भेजा गया।

चिकित्सकों के मुताबिक, तीन घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार विशेष निगरानी में किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और बस में सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी