ट्रेवल्स कार्यालय से पार्सल में 16 लाख रुपये नगद बरामद, जांच जारी
रायपुर, 06 मई (हि.स.)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने आज बुधवार काे अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश देकर एक पार्सल से 16 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है। मिली जानकारी के अनुसार,
पार्सल से 16 लाख रुपये नगद जब्त


रायपुर, 06 मई (हि.स.)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने आज बुधवार काे अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश देकर एक पार्सल से 16 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आज पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय से कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध वस्तु है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर व डीआरआई की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन सफेद बोरों में बड़ी मात्रा में करेंसी नोट बरामद हुए। बरामद रकम में 20 रुपये के 400 बंडल और 10 रुपये के 800 बंडल शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 16 लाख रुपये है।

पुलिस ने इस संदिग्ध नगदी को जब्त करते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले की जानकारी आयकर विभाग को भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह राशि किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

अधिकारियों ने इन नोटों को जब्त कर जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक तौर पर नोटों को संदिग्ध माना जा रहा है, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह पुष्टि हो सके कि वे पूरी तरह जाली हैं या नहीं।

सूत्रों के अनुसार, यह खेप पश्चिम बंगाल के कोलकाता से भेजी गई थी। उदय सिंह बिस्वाल नामक व्यक्ति ने इन नोटों को दिल्ली पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्ट के जरिए रवाना किया था, जहां इन्हें कमल किशोर गुप्ता नाम के व्यक्ति को सौंपा जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल