Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 06 मई (हि.स.)। प्रीपेड स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर उन्हें नियमानुसार पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित किया जाए, सभी मकान मालिक किरायेदारों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं और ड्रोन संचालकों का भी सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। यह बातें बुधवार को प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कही।
मंत्री उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आज सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में बिजली व्यवस्था, कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं और प्रमुख विकास परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। विकास कार्यों में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी भी दी गई।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गर्मियों में जनता को राहत देने के लिए खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। उन्होंने केस्को की केंद्रीकृत व्यवस्था के स्थान पर सभी विद्युत उपकेंद्रों पर शिकायत निस्तारण केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में उन्होंने निर्देशित किया कि सरकारी चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सकों की औसत ओपीडी की जांच की जाए, ताकि कार्य करने वाले और लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों की पहचान हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी चिकित्सक किसी भी स्थिति में निजी अस्पताल का संचालन न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी मकान मालिक किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गर्ल्स कॉलेज, छात्रावास और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एंटी रोमियो स्क्वायड को अधिक सक्रिय करने को कहा गया। साथ ही वर्ष 2025 से पूर्व लंबित विवेचनाओं को शीघ्र पूर्ण करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ड्रोन संचालकों का सत्यापन कर संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया।
बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सरोज कुरील, विधायक सुरेंद्र मैथानी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, केडीए उपाध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप