Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 06 मई (हि.स.)। प्रदेश में बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ ही तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज होने लगी है। बुधवार को कई शहरों के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक उछाल देखा गया, जबकि पांच शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार फलौदी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 और न्यूनतम 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और पाली में भी दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा।
राधेश्याम शर्मा के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आगामी दिनों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में अगले 2-3 दिन मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। 9 मई से पश्चिमी राजस्थान, विशेषकर जोधपुर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है, जहां तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। इसके साथ ही 7 मई से जोधपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 20 से 30 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक 26 मिमी वर्षा सुमेरपुर (पाली) में रिकॉर्ड की गई।
राजधानी जयपुर में भी तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। यहां अधिकतम तापमान 36.6 और न्यूनतम 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री और रात के तापमान में 2.3 डिग्री की वृद्धि हुई है। हालांकि हवाएं चलने से धूप की तीव्रता कुछ कम महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जयपुर सहित उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि अन्य क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश