Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जौनपुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सरायख्वाजा थाना पुलिस की मंगलवार/बुधवार की दरमियानी रात को बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में एक शातिर आरोपित घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र सिंह ने बुधवार को बताया कि सरायख्वाजा थाना की टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग पर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोइरिडीहा की ओर से बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों नहर पटरी की ओर भागने लगे। पीछा करने पर कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। बदमाशों ने पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के बाद पुलिस ने तलाशी ली तो एक बदमाश घायल अवस्था में मिला, जबकि दूसरा फरार हो गया।
घायल आरोपित की पहचान कृष्णा यादव पुत्र संजय यादव निवासी छबिलेपुर थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिसमें एक खोखा कारतूस फंसा मिला है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ मिलकर लूट, छिनैती और सुपारी लेकर अपराध करता है। पुलिस ने घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है और फरार आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।इस संबंध में बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव