गिलहरी की तरह छोटी भूमिका निभाई, पश्चिम बंगाल में जीत कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद की देन : रमेश अवस्थी
कानपुर, 06 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद का परिणाम है, मैंने इस पूरे अभियान में गिलहरी की तरह छोटी भूमिका निभाई और यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय नेतृत्व तथा बं
कार्यक्रम के दौरान लिया गया छायाचित्र


कानपुर, 06 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद का परिणाम है, मैंने इस पूरे अभियान में गिलहरी की तरह छोटी भूमिका निभाई और यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय नेतृत्व तथा बंगाल की जनता को समर्पित है। यह बातें बुधवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं के स्वागत के दौरान कही।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि वर्धमान जोन में मिली सफलता पार्टी संगठन की मजबूती, सुनियोजित रणनीति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस जोन में कुल 28 सीटों में से 22 सीटों पर मिली जीत संगठन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों तथा उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि विचारधारा, विकास और जनविश्वास की जीत है। उन्होंने विशेष रूप से कानपुर के कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन, सहयोग और आशीर्वाद ने उन्हें यह जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने की प्रेरणा दी।

सांसद ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास किया और भविष्य में भी संगठन के निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही उनका मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए वे लगातार सक्रिय रहेंगे।

उन्होंने इस जीत को जनभावनाओं का प्रतीक बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि इसी एकजुटता और समर्पण के साथ आगे भी कार्य करते हुए संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहें और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप