Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 06 मई (हि.स.)। चीन से सटे नेपाल के 13 जिलों में विदेशी पर्यटकों को बिना इजाजत घूमने, ट्रैकिंग और हाइकिंग पर जाने से पहले अब सरकार से विशेष अनुमति लेनी होगी।
नेपाल के इमिग्रेशन विभाग ने चेतावनी देते हुए निर्देश जारी किया है कि चीन से सटे प्रतिबंधित 13 जिलों में विदेशी पर्यटकों को ट्रेकिंग (पदयात्रा) पर केवल पूर्व अनुमति लेकर ही ले जाया जाए। कुछ ट्रेकिंग एजेंसियों द्वारा बिना अनुमति विदेशी पर्यटकों को प्रतिबंधित क्षेत्रों में ले जाने के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है।
विभाग ने आज एक विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि विदेशी पर्यटकों को इन प्रतिबंधित क्षेत्रों में ट्रेकिंग पर ले जाने से पहले अनिवार्य रूप से अनुमति लेना होगा। अन्यथा, कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञप्ति में कहा गया है, “पदयात्रा के लिए अनुमति लेकर ही विदेशी पर्यटकों को ले जाने का विभाग पुनः अनुरोध करता है। यदि भविष्य में इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियां पाई गईं, तो प्रचलित आव्रजन कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।”
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास