Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मसूरी, 06 मई (हि.स.)। पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ और बैरियरों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत देने के लिए मसूरी नगर पालिका ने पर्यटक शुल्क वसूली को डिजिटल बनाने का निर्णय लिया है। जल्द ही शहर के प्रमुख बैरियरों पर फास्टैग प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे वाहन बिना रुके शुल्क अदा कर सकेंगे।
नगर पालिका परिषद मसूरी ने इस परियोजना के लिए भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (आईएचएमसीएल) के साथ एमओयू किया है। इसके तहत कंपनी तकनीकी सर्वे, डिजाइन, सिस्टम इंटीग्रेशन और निगरानी जैसे कार्यों को अंजाम देगी।
नई व्यवस्था माल रोड के पिक्चर पैलेस बैरियर, लाइब्रेरी बैरियर और कोलुखेत टोल बैरियर पर लागू की जाएगी। इसके लिए आईएचएमसीएल की टीम जल्द ही मसूरी पहुंचकर स्थलों का निरीक्षण करेगी।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि पर्यटन सीजन में इन बैरियरों पर वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। फास्टैग लागू होने से वाहनों की आवाजाही तेज होगी और बार-बार रुककर शुल्क देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नगर पालिका के अनुसार, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि शहर के प्रवेश मार्गों पर जाम की समस्या में भी कमी आएगी। प्रशासन का मानना है कि यह पहल मसूरी में स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय