देश की मुख्यधारा से जुड़ें मुसलमान, राष्ट्रहित में निभाएं भागीदारी: मुनवरी बेगम
अजमेर, 06 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की नवनियुक्त सदस्या मुनवरी बेगम ने ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जियारत कर देश के मुसलमानों से राष्ट्रहित में मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस्लाम में वतनपरस्ती को सच्चे ई
Muslims should join the mainstream of the country in the interest of the country – Mrs. Munwari Begum


अजमेर, 06 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की नवनियुक्त सदस्या मुनवरी बेगम ने ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर जियारत कर देश के मुसलमानों से राष्ट्रहित में मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस्लाम में वतनपरस्ती को सच्चे ईमान की निशानी माना गया है और सभी को देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

मुनवरी बेगम ने दरगाह पर मखमली चादर और अकीदत के फूल पेश कर देश में अमन-चैन की दुआ मांगी तथा अपने नए दायित्व को बेहतर ढंग से निभाने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसमें वे समाज और विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के हित में कार्य करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से जुड़कर न केवल व्यक्ति स्वयं सशक्त हो सकता है, बल्कि राष्ट्रहित में भी योगदान दे सकता है।

इस अवसर पर दरगाह पहुंचने पर गद्दीनशीन सैयद अफशांन चिश्ती के नेतृत्व में खुद्दाम सैयदजादगान ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। अंजुमन की ओर से सैयद शामिख चिश्ती ने इस्तकबाल किया।

अजमेर आगमन पर विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। सर्किट हाउस में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने अभिनंदन किया। इसके अतिरिक्त दिल्ली गेट पर अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया। मुनवरी बेगम ने तारागढ़ दरगाह पर भी जियारत की, जहां दरगाह कमेटी द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा नेता सैयद अफशान चिश्ती, एहतेशाम अहमद, शादाब खान, नुज़्त परवीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष