Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 06 मई (हि.स.)। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर रोकथाम के लिए विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नाकाबंदी, सघन गश्त और दबिश देकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि आबकारी विभाग की ओर से 1 से 5 मई 2026 के बीच प्रदेशभर में 633 अभियोग दर्ज किए गए और 172 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान करीब 8 लाख 52 हजार 638 रुपए की 3169 लीटर देशी शराब, 7 लाख 96 हजार 310 रुपए की 798 लीटर विदेशी शराब, 2 लाख 62 हजार 295 रुपए की 1199.45 लीटर बीयर तथा 3698.5 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। साथ ही 1 लाख 40 हजार 402 लीटर वॉश नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान 1 चारपहिया और 8 दुपहिया सहित 9 वाहन भी जब्त किए गए। इस अभियान के तहत अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। वहीं प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी आबकारी टीमों ने लगातार कार्रवाई की। उदयपुर में गोडफादर बीयर के टीन और केन जब्त किए गए, जबकि गोगुंदा और खेरवाड़ा में हजारों लीटर वॉश नष्ट किया गया। चित्तौड़गढ़ जिले में बड़ी मात्रा में देसी-विदेशी शराब और बीयर बरामद कर वॉश व भट्टियां नष्ट की गईं।
मेहता ने बताया कि बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और हनुमानगढ़ में भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश नष्ट किया गया और कई अभियोग दर्ज किए गए। बीकानेर जोन, झालावाड़, जोधपुर, बाड़मेर, भरतपुर-डीग, दौसा और अजमेर में भी दबिश देकर अवैध मदिरा जब्त की गई तथा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रदेश के सभी जिलों में आबकारी विभाग के अधिकारी और निरोधक दल लगातार नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए कार्रवाई कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश