Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जगदलपुर, 06 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत जगदलपुर विकासखंड के ग्राम मारकेल एवं बकावंड विकासखंड के कोलावल में बुधवार काे जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया गया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित मारकेल शिविर में सांसद बस्तर महेश कश्यप एवं विधायक जगदलपुर किरण देव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासन की जनहितकारी पहल की सराहना की। जबकि कोलावल में आयोजित शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित अन्य जिला एवं जनपद पंचायत के पदाधिकारी शामिल हुए ।
सांसद बस्तर महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार शासन-प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से एक त्योहार के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाएं।
विधायक किरण देव ने कहा कि सरकार जनता के लिए सतत कार्य कर रही है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों—विधायक, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे आम जनता की बात, शंकाओं और समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभाग सीधे जनता के बीच पहुंचकर अपनी योजनाओं, कार्यों की जानकारी देते हैं और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करते हैं। सुशासन तिहार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाएं कागज़ों तक सीमित न रहें, बल्कि हर पात्र व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। आज यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, योजनाओं की जानकारी और समस्याओं के समाधान का जो प्रयास हो रहा है, वह इसी सोच का परिणाम है कि शासन खुद जनता के द्वार तक पहुंचे।
जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि जब तक हम गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को नहीं समझेंगे, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। इसलिए सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां आमजन अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सुशासन तिहार के शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण जरूर करवाएं।
सुशासन तिहार के तहत जगदलपुर विकासखंड के ग्राम मारकेल शिविर में 89 आवेदन प्राप्त हुए। मारकेल में आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में 29 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनका निरीक्षण सांसद एवं विधायक ने किया। बकावंड विकासखंड के कोलावल में आयोजित सुशासन तिहार में 76 आवेदन प्राप्त हुए, कोलावल आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविर में 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए।
मारकेल शिविर में विधायक देव एवं सांसद कश्यप ने कुल 2 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से 30 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। शिविर में बस्तर मुन्ने, नियद नेल्लानार तथा सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा जनकल्याणकारी शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, सरपंच करतम ने भी संबोधित किया।
मारकेल के कार्यक्रम में एसडी एम ऋषिकेश तिवारी, जनपद सीईओ अमित भाटिया, नोडल अधिकारी नेहा देवांगन सहित अन्य अधिकारी और संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इसी प्रकार कोलावल में आयोजित शिविर में एसडीएम मनीष वर्मा, जनपद सीईओ परमेश्वर कुर्रे, नोडल अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास के अधिकारी मनोज सिन्हा उपस्थित रहे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे